दीवार बनाने को लेकर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों में पथराव और फायरिंग

WhatsApp Channel Join Now
दीवार बनाने को लेकर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों में पथराव और फायरिंग


हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी संघीपुर में दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, पथराव हुआ और फायरिंग तक हो गई। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना है। वनवहीं, तीन से चार लोगों को गोली लगने की चर्चा भी गांव में तेजी से फैल रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, गांव गढ़ी संघीपुर में दो पक्षों के बीच दीवार बनाने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दीवार निर्माण को लेकर एक पक्ष ने मौके पर खड़े पेड़ को काट दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों ओर से लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला शुरू हो गया। इसी दौरान फायरिंग होने से मामला और गंभीर हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं, संघर्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे घटना की चर्चा क्षेत्र में फैल गई है।

पेड़ काटने से भड़का विवाद, पुलिस जांच में जुटी

लक्सर के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि दोपहर के समय 112 पर गढ़ी संघीपुर गांव में गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच दीवार बनाने को लेकर विवाद चल रहा था। एक पक्ष की ओर से दीवार निर्माण के लिए वहां खड़ा पेड़ काटे जाने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट, पथराव और फायरिंग हुई। कई लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782335 Articles

Share this story