फैक्ट्री में क्वेंचिंग ऑयल में लगी आग, दमकल ने फोम से पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
फैक्ट्री में क्वेंचिंग ऑयल में लगी आग, दमकल ने फोम से पाया काबू


हरिद्वार, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के भगवानपुर स्थित लकेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार को बजाज एंड संस प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में क्वेंचिंग ऑयल में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद फोम कंपाउंड की मदद से आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में हीट ट्रीटमेंट प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले क्वेंचिंग ऑयल में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसी बीच फैक्ट्री के एक कर्मचारी ने भगवानपुर फायर स्टेशन को सूचना देकर तत्काल अग्निशमन वाहन भेजने की मांग की।

सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मोटर फायर इंजन के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। मौके पर टीम ने क्वेंचिंग ऑयल में लगी आग की गंभीरता को देखते हुए सावधानीपूर्वक मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने होज पाइप के जरिये आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। तेल में लगी आग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पानी के बजाय फोम कंपाउंड का इस्तेमाल किया गया।

दमकल कर्मियों ने आपसी समन्वय और तत्परता से आग को पूरी तरह बुझा दिया। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से संभावित बड़ा खतरा टल गया। अग्निशमन विभाग के अनुसार, घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग बुझाने और स्थिति सामान्य होने के बाद टीम फायर स्टेशन लौट गई।

अग्निशमन प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, जबकि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story