श्रीराम फाइनेंस के कार्यालय में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
श्रीराम फाइनेंस के कार्यालय में भीषण आग, मची अफरा-तफरी


श्रीराम फाइनेंस के कार्यालय में भीषण आग, मची अफरा-तफरी


हरिद्वार, 03 नवंबर (हि.स.)। हरिद्वार जिले के रुड़की में देर रात श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार्यालय से घना धुआं उठने लगा। आग की लपटें देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, फायर स्टेशन रुड़की को मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) के माध्यम से गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के मालवीय चौक के पास स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मिनी प्रेशर वैन लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने देखा कि प्रथम तल पर स्थित कार्यालय में भीषण आग लगी थी और वहां से काफी मात्रा में धुआं निकल रहा था।

दमकल कर्मियों ने तत्काल होज रील के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त अग्निशमन वाहन भी बुलाए गए। इसके बाद फायर टेंडर की मदद से होज लाइन बिछाकर लगातार पानी की बौछार की गई। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने कार्यालय में जले हुए सामान की जांच की और सुलगते पदार्थों व अंदर छिपी चिंगारियों को पानी डालकर बुझाया, ताकि आग दोबारा न भड़क सके। इस दौरान भवन की दूसरी मंजिल पर भी काफी धुआं मिला, हालांकि वहां आग नहीं लगी थी। दमकल विभाग की तत्परता से आग को भवन के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।

दमकल विभाग के फायरमैन अतर सिंह राणा के मुताबिक, टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771512 Articles

Share this story