चार घंटे तक धधकता रहा टैंट हाउस, 26 साल की मेहनत राख, करोड़ों का कारोबार तबाह

WhatsApp Channel Join Now
चार घंटे तक धधकता रहा टैंट हाउस, 26 साल की मेहनत राख, करोड़ों का कारोबार तबाह


हरिद्वार, 09 नवंबर (हि.स.)। जनपद के रुड़की शेरपुर में आधी रात लगी आग ने एक परिवार की 26 वर्षों की मेहनत को कुछ ही घंटों में खाक कर दिया। नगर निगम के वार्ड नंबर एक में हाईवे किनारे स्थित राज टैंट हाउस में लगी भीषण आग से पूरा कारोबार जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि करीब चार घंटे तक दमकल कर्मियों की मशक्कत के बावजूद टैंट हाउस में रखा सामान नहीं बचाया जा सका। आग ने पास स्थित रिहायशी भवन को भी अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 12 बजे की है। टैंट हाउस में अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं को देखकर परिजनों तथा आसपास के लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाए और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

आरोप है कि सूचना मिलने पर शुरुआत में छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन पानी की सीमित क्षमता के कारण आग पर प्रभावी ढंग से काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद मंगलौर और बहादराबाद से बड़ी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बड़ी गाड़ियों को पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगा। तब तक आग टैंट हाउस के अधिकांश सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। बाद में तीन दमकल गाड़ियों की मदद से रिहायशी भवन में फैली आग पर काबू पाया गया।

दमकल व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग की व्यवस्था और दमकल गाड़ियों के पहुंचने में हुई देरी पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि शुरुआत में ही पर्याप्त क्षमता वाली दमकल गाड़ी पहुंच जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था। सोलानी पुल से बड़ी दमकल गाड़ी के आवागमन में आ रही दिक्कत के चलते छोटी गाड़ी भेजे जाने की बात भी चर्चा में है। लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए बेहतर अग्निशमन व्यवस्था की मांग की है।

राज टैंट हाउस के मालिक विश्वराज सैनी ने करीब 26 वर्षों के परिश्रम से अपना कारोबार खड़ा किया था, जो अब पूरी तरह तबाह हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774345 Articles

Share this story