वित्तीय समावेशन अभियान 15 से , हर ग्राम पंचायत में लगेंगे विशेष कैंप
हरिद्वार, 11 जून (हि.स.)। जनपद हरिद्वार की सभी 318 ग्राम पंचायतों में 15 जून से 15 जुलाई तक फाइनेंशियल इन्क्लूजन सैचुरेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर वित्तीय समावेशन को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करना है।
इस संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, विभिन्न बैंकों, सरकारी विभागों और संबंधित संस्थाओं के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना और रूपरेखा पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले कैंपों में पात्र नागरिकों को बैंक खाते खोलने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से जोड़ने के साथ-साथ डिजिटल बैंकिंग, आधार सीडिंग, नामांकन, सीकेवाईसी और री-केवाईसी जैसी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने सभी बैंकों और संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने ग्राम पंचायत स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एलडीएम दिनेश कुमार गुप्ता ने सभी बैंकों से इस महत्वाकांक्षी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

