रानीपुर को 6.48 करोड़ की सौगात, 14.725 किमी सड़कें होंगी चकाचक

WhatsApp Channel Join Now


हरिद्वार, 07 नवंबर (हि.स.)। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी सौगात दी है। विधायक आदेश चौहान के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग की राज्य योजना के तहत सात सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इन पर कुल 6 करोड़ 48 लाख 65 हजार रुपये खर्च होंगे। शासनादेश 6 नवंबर को जारी किया गया।

स्वीकृत सातों कार्यों की कुल लंबाई 14.725 किलोमीटर है। इसमें औरंगाबाद ग्रामसभा में 86.13 लाख रुपये से एक किलोमीटर आंतरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नालियों सहित निर्माण होगा। रोशनाबाद की विभिन्न कॉलोनियों में 91.75 लाख रुपये से 900 मीटर सड़कें बनाई जाएंगी।

शिवालिकनगर से टिहरी विस्थापित होते हुए पीएसी पेट्रोल पंप तक 89.75 लाख रुपये से 2.5 किलोमीटर सड़क का हॉटमिक्स से पुनर्निर्माण होगा। गैस प्लांट पेट्रोल पंप के सामने से अंबेडकर चौक तक 97.96 लाख रुपये से एक किलोमीटर सड़क बनेगी। शिवालिकनगर के जी और टी क्लस्टर में 97.96 लाख रुपये से चार किलोमीटर तथा बीएचईएल सेक्टर-3 में 91.53 लाख रुपये से 4.3 किलोमीटर आंतरिक सड़कों का हॉटमिक्स से पुनर्निर्माण होगा।

सुमननगर में 93.57 लाख रुपये से एक किलोमीटर आंतरिक सड़कें इंटरलॉकिंग टाइल्स के साथ बनाई जाएंगी।

विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। सातों कार्य पूरे होने से औरंगाबाद, रोशनाबाद, शिवालिकनगर, बीएचईएल सेक्टर-3 और सुमननगर में आवागमन सुगम होगा। उन्होंने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773838 Articles

Share this story