उत्तराखंड : फिल्म नीति के तहत तीन युवाओं को छात्रवृत्ति, फिल्म जगत में करियर को मिलेगा प्रोत्साहन
देहरादून, 30 जून (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत राज्य के युवाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलना शुरू हो गया है। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे से अध्ययन पूरा करने वाले तीन युवाओं को छात्रवृत्ति का भुगतान किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा से समृद्ध हैं और राज्य सरकार उन्हें अपनी क्षमता निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के माध्यम से फिल्म शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को छात्रवृत्ति देकर उनके सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास किया जा रहा है।
परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने मंगलवार को बताया कि फिल्म नीति-2024 में एफटीआईआई, पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, कोलकाता और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति देने का प्रावधान है।
नीति के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पर हुए व्यय का 75 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम के लिए 65,682 रुपये, चमोली जिले के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए 1,27,619 रुपये और नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। तीनों विद्यार्थियों ने एफटीआईआई, पुणे से अपनी पढ़ाई पूरी की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

