उत्तराखंड की फिल्म नीति से प्रभावित हुए अभिनेता अमन वर्मा, जल्द शूटिंग पर करेंगे विचार

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड की फिल्म नीति से प्रभावित हुए अभिनेता अमन वर्मा, जल्द शूटिंग पर करेंगे विचार


देहरादून, 24 जुलाई (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता अमन वर्मा ने शुक्रवार को उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के कार्यालय में परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से मुलाकात कर राज्य की फिल्म नीति की जानकारी ली। उन्होंने उत्तराखंड की प्राकृतिक लोकेशन और फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि वह जल्द ही राज्य में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं पर विचार करेंगे।

रिंग रोड स्थित परिषद कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान के.एस. चौहान ने अमन वर्मा का 'जागेश्वर मंदिर' का प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर अमन वर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्मांकन के लिए शानदार प्राकृतिक लोकेशन उपलब्ध हैं, जो फिल्म उद्योग के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं।

नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में लागू फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है। राज्य में फिल्माई गई हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। वेब सीरीज और विदेशी फिल्मों को भी सब्सिडी योजना के दायरे में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में शूटिंग अनुमति की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। सिंगल विंडो सिस्टम के तहत सात दिनों के भीतर अनुमति प्रदान की जाती है। शूटिंग शुल्क माफ किया गया है तथा सुरक्षा व्यवस्था के साथ जीएमवीएन और केएमवीएन के अतिथि गृहों में विशेष रियायत भी उपलब्ध कराई जा रही है।

श्री चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिवर्ष 200 से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग हो रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद और एक प्रमुख फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।

इस दौरान अमन वर्मा ने बताया कि वह 26 जुलाई को शाम सात बजे देहरादून के हिमालयन कल्चरल सेंटर, नींबूवाला में अपने नाटक 'किस्मत पैलेस' का मंचन भी करेंगे।

___

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story