त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, पनीर और मिठाइयों के नमूने जांच को भेजे
देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के देहरादून में त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को राजपुर रोड स्थित चार कैफे और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया तथा पनीर, केक, हल्दी पाउडर और पेस्ट्री के नमूने जांच के लिए एकत्र किए।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर अमा कैफे, बर्लिन रेस्टोरेंट, एक्सओएक्सओ कैफे/बेकरी और बास्क रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
विभाग के अनुसार, खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने राजपुर रोड स्थित तम्तारा कैफे के खिलाफ भी कार्रवाई की है। विभागीय जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को निरीक्षण के दौरान कैफे को बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इनका पालन नहीं किया गया। इसके बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 55 सहित अन्य लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
अधिकारियों के अनुसार, त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट रोकने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
आयुक्त पांडेय ने कहा कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

