हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत
हरिद्वार, 09 सितंबर (हि.स.)। हरिद्वार-लक्सर मार्ग लगातार सड़क हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। सिंगल रूट होने और वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार देर रात पतंजलि फूड पार्क से पहले बिसलेरी प्लांट के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना 108 के माध्यम से पुलिस को मिली। फेरुपुर चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को धनपुरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हिमांशु (20) पुत्र राजकुमार, निवासी रानीमाजरा, थाना पथरी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विशाल पुत्र अमर सिंह, निवासी घिस्सुपुरा, थाना पथरी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार,हरिद्वार-लक्सर मार्ग के सिंगल रूट होने के कारण आमने-सामने से आने वाले वाहनों के बीच टक्कर का खतरा बना रहता है। वाहनों का दबाव बढ़ने से हादसों की आशंका भी लगातार बढ़ रही है। पदार्था क्षेत्र में दो दिन पहले भी सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हुई थी।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना 108 के माध्यम से मिली थी। फेरुपुर चौकी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हरिद्वार चिकित्सालय भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

