हरिद्वार-लक्सर में ईद-उल-फितर श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार-लक्सर में ईद-उल-फितर श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई


-नमाज के बाद अमन-चैन और तरक्की की दुआ, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

हरिद्वार, 21 मार्च (हि.स.)। ईद-उल-फितर के अवसर पर हरिद्वार और लक्सर क्षेत्र में आज पर्व श्रद्धा, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। हरिद्वार के ज्वालापुर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तथा लक्सर के खड़ंजा कुतुबपुर, बसेड़ी खादर, सुल्तानपुर और निहंदपुर की ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर नमाज अदा की।

शनिवार सुबह से ही ईदगाहों की ओर लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा और हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

ईदगाहों में इमामों द्वारा नमाज अदा कराई गई और खुतबे में ईद के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है। नमाज के उपरांत देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। ईदगाहों के आसपास कड़ी निगरानी रखी गई और सभी गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखी गई। स्थानीय धार्मिक प्रतिनिधियों ने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

नमाज के बाद ईदगाहों में खुशी का माहौल देखने को मिला और लोगों ने एक-दूसरे से मिलकर भाईचारे, एकता और सद्भाव का संदेश दिया। पूरे क्षेत्र में पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story