डीएम के आश्वासन पर खत्म हुआ किसानों का धरना, इकबालपुर मिल की नीलामी की तैयारी तेज

WhatsApp Channel Join Now
डीएम के आश्वासन पर खत्म हुआ किसानों का धरना, इकबालपुर मिल की नीलामी की तैयारी तेज


रुड़की, 31 अक्टूबर (हि.स.)। तहसील परिसर में पिछले 74 दिनों से चल रहा उत्तराखंड किसान मोर्चा का धरना जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। शनिवार को डीएम स्वयं धरनास्थल पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की।

डीएम ने बताया कि इकबालपुर शुगर मिल की संपत्तियों के मूल्यांकन की पहली रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें करीब 500 करोड़ रुपये की संपत्ति का आकलन सामने आया है। अभी कुछ संपत्तियों का मूल्यांकन शेष है, जिसकी अंतिम रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर आने की उम्मीद है। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर अनुमान है कि मिल की संपत्तियों से किसानों और सरकार की देनदारियों का भुगतान हो सकेगा। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार नीलामी की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

बता दें कि 21 अक्टूबर को हुई महापंचायत में प्रशासन ने एक सप्ताह में मूल्यांकन कराने का आश्वासन दिया था। समय अधिक बीतने पर शनिवार को डीएम किसानों के बीच पहुंचे।

उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने बताया कि बकाया गन्ना भुगतान उनकी सबसे बड़ी मांग है, जो नीलामी से पूरी होने की उम्मीद जगी है। अन्य मांगों में गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना, स्मार्ट मीटर का विरोध और नलकूपों की बिजली मुफ्त करना शामिल है। इन पर भी सकारात्मक आश्वासन मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन अपने वादे पर खरा नहीं उतरा तो आंदोलन दोबारा और अधिक उग्र किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story