किसान आयोग के सदस्य ने सुनी किसानों की समस्याएं, बोले आयोग में रखेंगे समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 16 अगस्त (हि.स.)। किसान आयोग के सदस्य ओपी जुगराण ने विकासखंड पौड़ी के तहत ग्राम पंचायत बिचली रेवड़ी के ग्राम मासौं तल्ला पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीण किसानों ने जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक सहित खेती-किसानी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उनके सामने रखा।

बिचली रेवड़ी में आयोजित बैठक में किसानों ने कहा कि जंगली जानवरों के कारण उनकी मेहनत से तैयार फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं। ऐसे में पहाड़ों में खेती करना किसानों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। ग्रामीणों ने कृषि से जुड़ी अन्य समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी आयोग के सदस्य के समक्ष अपनी बात रखी। इस दौरान आयोग के सदस्य ओपी जुगराण ने किसानों को विभिन्न योजनाओं एवं कृषि संबंधी विषयों की जानकारी दी और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि पहाड़ के किसानों की सबसे बड़ी समस्या जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा है। जब तक किसानों को जंगली जानवरों से प्रभावी सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक पहाड़ में खेती को बढ़ावा देना मुश्किल होगा।

उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं को 17 अगस्त को होने वाली किसान आयोग की बैठक में प्रमुखता से रखा जाएगा, जिससे संबंधित स्तर पर इनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को आयोग के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। कहा कि किसानों को 60 साल बाद पेंशन देने, किसानों को खेती करने के लिए अधिकार देने सहित विभिन्न प्रस्ताव जल्द सरकार को सौंपे जाएंगे। इस मौके पर ग्राम पचांयत बिताई मल्ली की प्रधान मंजू नेगी, कृषि अधिकारी अमित नवानी, अजीत नेगी, यामिनी, निर्मला देवी, रोशनी देवी, रामेश्वरी, हेमंती आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story