किसानों को मुफ्त बिजली-पानी और स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत रोजगार की मांग
हरिद्वार, 10 सितंबर (हि.स.)। किसान मजदूर संगठन सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर से उनके कार्यालय पर मुलाकात कर किसानों, मजदूरों और प्रदेश के युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के किसानों को सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली और पानी उपलब्ध कराने तथा प्रदेश में स्थापित सरकारी, अर्धसरकारी और निजी उद्योगों में कम से कम 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं एवं बेरोजगारों को रोजगार देने संबंधी शासनादेश को प्रभावी रूप से लागू कराने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड जल एवं जलविद्युत संसाधनों से समृद्ध प्रदेश है। ऐसे में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली और पानी उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। वहीं प्रदेश में स्थापित उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने से बेरोजगारी और पलायन की समस्या को कम किया जा सकता है।
विधायक रवि बहादुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मांग पत्र में उठाए गए मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महक सिंह सैनी ने कहा कि संगठन किसानों, मजदूरों और युवाओं के हितों की लड़ाई लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जारी रखेगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी ने विधायक के आश्वासन का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में ब्रह्म सिंह धीमान, नवीन मार्या, सतीश चंद फौजी, मुनेश पाल, सुबोध कुमार शर्मा, अनुज शर्मा, धीरेंद्र, गौरव भार्गव, संजय मेहता, सुजीत गुप्ता और पत्रकार मनोज सैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

