सरचार्ज माफी पर किसानों ने बांटी मिठाई, अब ट्यूबवेल के बिल माफ करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सरचार्ज माफी पर किसानों ने बांटी मिठाई, अब ट्यूबवेल के बिल माफ करने की मांग


सरचार्ज माफी पर किसानों ने बांटी मिठाई, अब ट्यूबवेल के बिल माफ करने की मांग


हरिद्वार, 10 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से बिजली सरचार्ज माफ करने के फैसले का भारतीय किसान यूनियन क्रांति ने स्वागत किया है। फैसले से उत्साहित किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई और मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही किसान नेताओं ने अब किसानों के ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने और गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग उठाई।

किसान नेता अजय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी धाकड़ कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं। सरचार्ज माफी का फैसला आम जनता को राहत देने वाला सराहनीय कदम है। अब सरकार को किसानों के हित में भी इसी तरह बड़ा फैसला लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार किसानों के बिजली बिल माफ कर चुकी है।

ऐसे में उत्तराखंड सरकार को भी किसानों के ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने चाहिए। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में घोषित होने वाले गन्ना मूल्य से उत्तराखंड में 50 रुपये प्रति कुंतल अधिक भुगतान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बड़े भाई और पुष्कर सिंह धामी को छोटे भाई के रूप में देखा जाता है। ऐसे में उत्तराखंड के किसानों को भी गन्ने का बेहतर मूल्य मिलना चाहिए।

भारतीय किसान यूनियन क्रांति के जिलाध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि संगठन का किसी राजनीतिक दल से विरोध नहीं है। जो भी पार्टी किसानों के हित में काम करती है, संगठन उसका स्वागत और समर्थन करता है। उन्होंने बताया कि यूनियन पिछले दो वर्षों से बिजली सरचार्ज माफी की मांग को लेकर आंदोलन कर रही थी। इस संबंध में कई बार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों की समस्याएं उठाई गईं। अब सरकार ने सरचार्ज माफी का निर्णय लेकर राहत दी है, जिसके लिए संगठन मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता है।

संगठन के प्रदेश प्रभारी पंकज सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वास्तव में धाकड़ धामी हैं। उन्होंने घरेलू बिजली कनेक्शनों पर सरचार्ज में छूट देकर आम लोगों को राहत पहुंचाई है। अब किसानों को भी उनसे ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की उम्मीद है। किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार को इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

किसान नेताओं ने कहा कि सरचार्ज माफी का फैसला स्वागत योग्य है, लेकिन किसानों को वास्तविक राहत तभी मिलेगी, जब उनके ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ होंगे और गन्ने का उचित मूल्य मिलेगा। यूनियन ने सरकार से किसानों की इन मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774813 Articles

Share this story