फायरिंग की झूठी सूचना देने पर चालान, पुलिस ने दी हिदायत

WhatsApp Channel Join Now
फायरिंग की झूठी सूचना देने पर चालान, पुलिस ने दी हिदायत


हरिद्वार, 23 अगस्त (हि.स.)। आपातकालीन सेवा 112 पर फायरिंग होने की झूठी सूचना देना एक युवक को भारी पड़ गया। सूचना पर मौके पर पहुंची खानपुर पुलिस ने जांच की तो फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को सोनू पुत्र अज सिंह, निवासी मिर्जापुर करनपुर, थाना कोतवाली खानपुर, जनपद हरिद्वार ने 112 पर फायरिंग होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले का सत्यापन किया।

जांच के दौरान फायरिंग की सूचना झूठी पाई गई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित युवक के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस एक्ट के तहत 5,000 का चालान किया। पुलिस ने युवक को भविष्य में आपातकालीन सेवा 112 पर झूठी अथवा भ्रामक सूचना न देने की सख्त हिदायत भी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन हेल्पलाइन पर झूठी सूचना देने से पुलिस संसाधनों का अनावश्यक इस्तेमाल होता है और वास्तविक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचने में बाधा आ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story