सोमवती अमावस्या से पहले 21 फर्जी बाबा गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सोमवती अमावस्या से पहले 21 फर्जी बाबा गिरफ्तार


हरिद्वार, 13 जून (हि.स.)। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व से ठीक पहले हरिद्वार पुलिस ने धर्म की आड़ में ठगी करने वालों पर करारा प्रहार किया है। 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत चलाए गए विशेष अभियान में कोतवाली नगर पुलिस ने शनिवार को 21 फर्जी बाबाओं को हिरासत में लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में संत का चोला पहनकर लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने वालों को पकड़ा गया। ये सभी आरोपित साधु-संतों का वेश धारण कर महिलाओं और युवाओं को घरेलू, पारिवारिक और व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान का झूठा प्रलोभन देकर ठग रहे थे।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में क्षेत्र में व्यापक चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया गया। पकड़े गए सभी ढोंगी बाबाओं के खिलाफ संबंधित धारा के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि आस्था की आड़ में भोले-भाले लोगों को भ्रमित कर उनकी धार्मिक भावनाओं का शोषण करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए 21 आरोपितों में बिहार, यूपी, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और मध्य प्रदेश के लोग शामिल हैं। इनकी उम्र 25 साल से लेकर 78 साल तक है। जिनमें विभीषण (बिहार), राम बाबू (आगरा), बच्चू सिंह (हरियाणा), राम जन्म यादव (गया, उम्र 78 वर्ष), अजब सिंह (शामली, उम्र 66 वर्ष) आदि शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story