नकली एनसीईआरटी पुस्तकों का 10 करोड़ का जखीरा बरामद

WhatsApp Channel Join Now
नकली एनसीईआरटी पुस्तकों का 10 करोड़ का जखीरा बरामद


रुद्रपुर, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस ने नकली सामग्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जनपद उधमसिंह नगर में लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की नकली एनसीईआरटी पुस्तकों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 14 मार्च की रात कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम ने आनंदम रिजॉर्ट के पास एक कैंटर वाहन को रोककर जांच की। चालक द्वारा पुस्तकों को मेरठ से लाने की जानकारी दी गई, लेकिन जांच के दौरान ई-वे बिल न होने और प्रस्तुत बिलों में भिन्नता मिलने पर संदेह उत्पन्न हुआ।

वाहन की तलाशी में बड़ी मात्रा में एनसीईआरटी की पुस्तकें बरामद हुईं। चालक द्वारा बताए गए गोदाम की जांच में मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में करीब 10 लाख पुस्तकों का भंडारण पाया गया। जांच में गोदाम स्वामी का नाम राजेश कुमार जैन सामने आया, जबकि गोदाम संदीप नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था।

एनसीईआरटी,नई दिल्ली से आई टीम द्वारा जांच में पुस्तकों को नकली पाया गया। पुस्तकों की छपाई, कागज, बाइंडिंग और कवर डिजाइन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे। साथ ही लोगो में “एनसीईआरटी” के स्थान पर एसीईआरटीअंकित कर आमजन को भ्रमित करने का प्रयास किया गया था। मामले में कोतवाली रुद्रपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई पर पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 20 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story