फायरिंग कांड का खुलासा, तीन बदमाशों से तमंचे-पिस्टल बरामद

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी , 20 फ़रवरी (हि.स.)। नैनीताल के कालाढूंगी क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। 14 फरवरी की रात डायल 112 पर सूचना मिली थी कि बैलपोखरा तिराहे के पास कुछ लोगों के बीच झगड़ा और फायरिंग हुई है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और घटनास्थल से खोखे बरामद किए।वादिनी बलजीत कौर की तहरीर पर कोतवाली कालाढूंगी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ मंजूनाथ टी सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने नामजद आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने 20 फरवरी 2026 को गडप्पू बैरियर के पास से गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार किया।

आरोपितों के कब्जे से 02 देशी पिस्टल, 01 तमंचा, 05 जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से 13 खोखे (32 बोर व .22 बोर) बरामद किए गए।पूछताछ में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपितों ने गाली-गलौज व मारपीट के दौरान फायरिंग की। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

एक आरोपित के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 1,500 के पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story