फागोत्सव और महिला होली से नैनीताल में रंगों की उमंग

WhatsApp Channel Join Now
फागोत्सव और महिला होली से नैनीताल में रंगों की उमंग


नैनीताल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल में होली की मस्ती की औपचारिक तौर पर शुरुआत हो गयी है। सोमवार को नगर की सबसे पुरानी 1918 से संचालित धार्मिक-सामाजिक संस्था श्रीराम सेवक सभा के तत्वावधान में 30वें फागोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। उधर नगर की महिलाओं के संगठन-लेक सिटी वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में भी आज होली की मस्ती आयोजित की गयी।

पहले बात 30वें फागोत्सव की करें तो इसकी शुरुआत तल्लीताल से माल रोड होते हुए होली जुलूस के साथ हुई। पहली बार होली जुलूस में शामिल महिला होली दलों का उनके द्वारा जुलूस में चलते हुए प्रस्तुत की जाने वाली होलियों व कुमाउनी होली की प्रमुख विशेषता-स्वांग के तहत विभिन्न वेषभूषा धारण कर दिये जाने वाले संदेशों का मूल्यांकन भी किया गया। आगे सभा के मुख्यालय रामलीला मैदान मल्लीताल में फागोत्सव 2026 का औपचारिक शुभारंभ स्थानीय विधायक सरिता आर्य, नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल व दायित्वधारी शांति मेहरा आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके किया। इसके उपरांत महिला होली दलों की होली गीतों, नृत्यों व स्वांगों का प्रस्तुतीकरण किया गया। सभी दलों की एक-एक महिला एवं उत्कृष्ट स्वांग प्रस्तुत करने वाली महिलाओं को सभा की ओर से सम्मानित भी किया गया। संचालन हेमंत बिष्ट व मुकेश जोशी ने किया।

लेक सिटी वेलफेयर क्लब की महिला बैठकी होली में मस्ती छाई

सरोवर नगरी में लेक सिटी वेलफेयर क्लब द्वारा आयोजित महिला बैठकी होली इस वर्ष पूरी तरह सुपरहिट रही। “बांके बिहारी तुझे देख के मेरे नैना उलझ गए…” जैसे पारंपरिक होली गीतों पर महिलाओं ने जमकर ठुमके लगाए और फूलों की होली खेलते हुए एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।

संस्कृति विभाग के सहयोग से नगर के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी संगीता गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि होली आपसी सौहार्द, प्रेम और मेलजोल का पर्व है तथा ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में “मन माहि बसे काशी…”, “जल कैसे भरूं जमुना गहरी…”, “नदी यमुना के तीर…”, “होली खेले दशरथ के वीर…”, “नैनीताल की नैना मैया…” सहित कई पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुतियों पर माहौल पूरी तरह रंगीन हो उठा। महिलाओं ने स्वांग रचकर भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश भी दिए।

इस अवसर पर भीमताल से सुनीता पांडे, रामनगर से अमिता लोहनी, अल्मोड़ा से किरन पंत, हल्द्वानी से अलका टंडन और नैनीताल से सुमन शाह सहित पांच महिला होल्यारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्य दर्जा मंत्री दिनेश आर्या को महिलाओं ने अबीर-गुलाल का टीका लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम संयोजक अमिता साह तथा सह संयोजक विनीता पांडे और दीपा पांडे ने सभी उपस्थित महिलाओं का स्वागत करते हुए होली की बधाई दी। क्लब की अध्यक्ष आभा साह सहित जीवंती भट्ट, हेमा भट्ट, रमा भट्ट, रानी साह, ज्योति ढौंढियाल, डॉ. प्रगति जैन, दीपिका बिनवाल, प्रेमा अधिकारी, कंचन जोशी, रमा लोहनी, कविता त्रिपाठी, नीरू साह, दया कुंवर, सविता कुलौरा, अनुराधा भट्ट, सरस्वती सिराला, तुसी साह, दिव्या साह, सोनू साह, मधुमिता, भावना साह, मानसी गर्ग, रेखा जोशी तथा अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और रंगों की बहार देखने को मिली, जिससे शहर में होली के पर्व की रौनक और भी बढ़ गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story