जिलाबदर आरोपित समय से पहले देहरादून लौटा, विकासनगर में गिरफ्तार
देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। देहरादून पुलिस ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत छह माह के लिए जिलाबदर किए गए एक आरोपित को निर्धारित अवधि से पहले जिले में प्रवेश करने पर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' अभियान के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस को मंगलवार रात सूचना मिली कि जिलाबदर किया गया आरोपी आसिफ विकासनगर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे सिनेमा गली के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आसिफ निवासी मुस्लिम बस्ती, विकासनगर को जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 4 मई 2026 को छह माह के लिए देहरादून जिले से जिलाबदर किया गया था। उसके समय से पहले जिले में प्रवेश करने पर उसके खिलाफ विकासनगर कोतवाली में गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय आरोपित आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य धाराओं में 15 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं और कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह शामिल रहे।
----
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

