तिब्बती जागरूकता के लिए 90 दिवसीय बाइक रैली पहुंची नैनीताल

WhatsApp Channel Join Now
तिब्बती जागरूकता के लिए 90 दिवसीय बाइक रैली पहुंची नैनीताल


नैनीताल, 03 मार्च (हि.स.)। दलाई लामा के 90 वें वर्ष को करुणा वर्ष के रूप में मनाए जाने के अवसर पर स्पेशल फ्रंटियर फोर्स के दो पूर्व सैनिक 90 दिवसीय बाइक रैली के माध्यम से भारत भ्रमण पर निकले हैं। मंगलवार को दोनों नैनीताल पहुंचे।

देहरादून निवासी जमायांग तेनजिंग ने बताया कि यात्रा 10 दिसंबर से प्रारंभ हुई थी और अब तक लगभग 15 हजार किलोमीटर की दूरी तय की जा चुकी है। उनके साथ पूर्व सैनिक डेकीलिंग भी इस रैली में शामिल हैं।

तेनजिंग ने कहा कि रैली का उद्देश्य तिब्बती पहचान पर चीन के कथित हस्तक्षेप के विरुद्ध जागरूकता फैलाना तथा तिब्बत की ऐतिहासिक स्थिति को मान्यता देने के लिए भारत से अपील करना है। उन्होंने बताया कि रैली 10 मार्च को दिल्ली में संपन्न होगी।

उन्होंने 1959 में तिब्बत पर चीन के कब्जे के बाद तिब्बतियों के भारत आगमन तथा पिछले छह दशकों से अधिक समय से जारी उनके संघर्ष का भी उल्लेख किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story