‘एससी-एसटी समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं’: गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
‘एससी-एसटी समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं’: गुप्ता


हरिद्वार, 01 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एससी-एसटी समाज को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में लक्सर क्षेत्र के भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने राहुल गांधी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए उनके बयान को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समाज का घोर अपमान बताया।

हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुए घटनाक्रम को लेकर संजय गुप्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एससी-एसटी समुदाय के संबंध में अभद्र टिप्पणी करने के साथ ही गलत तथ्यों को आधार बनाकर समाज को बदनाम करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज देश की लोकतांत्रिक और सामाजिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा उसके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कहाकि शुद्धिकरण करने वाले भी दलित समाज के लोग थे। ऐसे में उन पर टिप्पणी करना समाज का अपमान है।

पूर्व विधायक ने कहा कि राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी को राजनीतिक बयानबाजी के नाम पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर बयान की जांच कराने और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।

राहुल गांधी के कथित बयान के विरोध में संजय गुप्ता द्वारा तत्काल गिरफ्तारी की मांग किए जाने से लक्सर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा नेता ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने एससी-एसटी समाज से भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story