युवा देश और राज्य के भविष्य के कर्णधार: डॉ. रवींद्र

WhatsApp Channel Join Now
युवा देश और राज्य के भविष्य के कर्णधार: डॉ. रवींद्र


हरिद्वार, 12 अक्टूबर (हि.स.)। एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत, विकसित भारत 2047’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 64 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर विकसित भारत और उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी ने कहा कि युवा ही देश और राज्य के भविष्य के कर्णधार हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैचारिक प्रखरता विकसित करने के साथ ही राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प और जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील बत्रा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में देश और प्रदेश के विकास के प्रति जागरूकता बढ़ती है। साथ ही, उन्हें विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका समझने का अवसर मिलता है।

प्रतियोगिता को तीन विषयों में विभाजित किया गया था। ‘विकसित भारत 2047 का स्वरूप’ विषय में बीए प्रथम सेमेस्टर की प्रिंसी राजपूत ने प्रथम, एमए हिंदी की शालिनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खुशी शर्मा और नितिन कुमार संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

‘उत्तराखंड के विकास की परिकल्पना’ विषय में एमए हिंदी की मीना ने प्रथम, बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की लक्ष्मी सक्सेना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इशिका भारद्वाज और दीपिका संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।

‘केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य’ विषय में बीए प्रथम सेमेस्टर की वंशिका ने प्रथम, बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के हेमंत अग्रवाल ने द्वितीय और बीए प्रथम सेमेस्टर की आयुषी कोलियान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. पल्लवी राणा, श्रीमती रिचा मनोचा और डॉ. मीनाक्षी शर्मा शामिल रहीं। आयोजन का संयोजन डॉ. लता शर्मा, डॉ. मोना शर्मा और डॉ. नेहा मित्तल ने किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759397 Articles

Share this story