विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम: गणेश जोशी
देहरादून, 17 जून (हि.स.)। उत्तराखण्ड यंग थिंकर्स फोरम की ओर से आयोजित तीन दिवसीय युवा संसद के उद्घाटन सत्र में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राष्ट्र को विकसित, समृद्ध और शक्तिशाली बनाने की राह में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रही है।
बुधवार को दून विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गणेश जोशी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा संसद केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि लोकतंत्र को समझने, विचारों को अभिव्यक्त करने और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में स्वयं को तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच है।
उन्होंने कहा कि भारत वर्तमान में एक निर्णायक दौर से गुजर रहा है। देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और अंतरिक्ष से लेकर डिजिटल तकनीक तक नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इसके साथ ही समाज और राजनीति के समक्ष मौजूद चुनौतियों का समाधान भी युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संभव होगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विचारों में मतभेद लोकतंत्र की सुंदरता है, लेकिन राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता सभी की समान पहचान होनी चाहिए। किसी भी लोकतंत्र की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उसके नागरिक केवल आलोचना ही न करें, बल्कि समाधान भी प्रस्तुत करें तथा अपने दायित्वों का निर्वहन भी करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति बहुमत नहीं, बल्कि जागरूक नागरिक होते हैं। युवाओं को राष्ट्रहित के मुद्दों पर संवेदनशील, जागरूक और जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में रेखा डंगवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

