'आओ,धरती को फिर से हरा करें' अभियान के तहत छात्राओं ने किया पौधारोपण
हल्द्वानी, 21 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेल्फ रिलायंस इनिशिएटिव्स संस्था की ओर से सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), गोरापड़ाव में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम 'आओ, धरती को फिर से हरा करें' रही।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए। 'एक पौधा आप लगाइए' संकल्प के साथ प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि छात्राओं में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और पौधों की सतत देखभाल की भावना विकसित करना है। आज लगाए गए पौधों को भविष्य की पीढ़ियों के लिए धरोहर के रूप में संरक्षित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। अभिभावकों और शुभचिंतकों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे अभियानों को नियमित रूप से जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष तनुजा जोशी, ऊषा मुकेश, रिम्पी बिष्ट, कौशलेंद्र भट्ट, विद्यालय की शिक्षिकाएं रजनी पांडे, पुष्पा भैंसोरा, सुमन जोशी, प्रेमलता जोशी, शगुफ्ता, हेमा पांडे, इंदु त्रिकोटी और माया उप्रेती सहित छात्राओं, अभिभावकों एवं अन्य शुभचिंतकों ने भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

