प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे फील्ड ट्रेनर्स, सटीक आंकड़े जुटाने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे फील्ड ट्रेनर्स, सटीक आंकड़े जुटाने पर जोर


पौड़ी गढ़वाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)।जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के बाद फील्ड ट्रेनर्स जिले के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से जनसंख्या से संबंधित आवश्यक जानकारियां जुटाएंगे। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से प्रश्न पूछकर आंकड़ों का संकलन किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं खंड शिक्षाधिकारी एकेश्वर गुंजन अमरोही ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी ड्यूटी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व की जिम्मेदारी है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और समाज की वास्तविक स्थिति को समझने के साथ ही भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को निर्धारित प्रश्नों को सही तरीके से पूछने, निष्पक्षता बनाए रखने और लोगों से प्राप्त जानकारियों को नियमानुसार दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में आपसी समन्वय के साथ ही धार्मिक और सामाजिक विविधता के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना जरूरी है।

जनगणना निदेशालय से पहुंचे मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक ने जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित प्रश्नावली और जानकारी संकलित करने के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। प्रगणक प्रत्येक व्यक्ति से प्रश्नावली के अनुरूप जानकारी प्राप्त कर उसे सावधानीपूर्वक दर्ज करें, ताकि आंकड़ों में त्रुटियों की संभावना कम से कम रहे। उन्होंने फील्ड में कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रिया का पालन करने पर भी जोर दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर राकेश पोखरियाल, जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार, वीरेंद्र कुमार, फील्ड ट्रेनर प्रदीप बिष्ट, मेहरबान सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story