नीलकंठ धाम में आस्था का सैलाब, दस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
नीलकंठ धाम में आस्था का सैलाब, दस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक


पौड़ी गढ़वाल, 05 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान श्री नीलकंठ महादेव धाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ रहा है। देशभर से पहुंच रहे शिवभक्तों के हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा धाम शिवमय बना हुआ है। अब तक 10 लाख 40 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा नीलकंठ महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक कर चुके हैं।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बावजूद पुलिस और प्रशासन की व्यापक व्यवस्थाओं के चलते यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों, पैदल मार्गों और मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण, सुचारु यातायात, आपातकालीन सहायता, ड्रोन और सीसीटीवी निगरानी के जरिए पूरे यात्रा क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यात्रा के दौरान पुलिस की संवेदनशीलता भी लोगों का भरोसा जीत रही है। खोया-पाया केंद्रों और विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ में बिछड़ गए 50 से अधिक श्रद्धालुओं, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हैं, को सुरक्षित खोजकर उनके परिजनों से मिलाया है।

श्रावण मास में नीलकंठ धाम में उमड़ रही यह आस्था न केवल श्रद्धालुओं की अटूट भक्ति का प्रतीक बन रही है, बल्कि पुलिस और प्रशासन की प्रभावी व्यवस्थाओं की भी मिसाल पेश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story