युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम : ऋतु खंडूड़ी

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष व कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने गुरुवार को कोटद्वार स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत निबंध, पोस्टर, भाषण, संगोष्ठी प्रस्तुतीकरण और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और विचारों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके विचारों, अनुभवों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। इनसे युवाओं में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सकारात्मक सोच, नवाचार और समाज के प्रति प्रतिबद्धता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपनी प्रतिभा को पहचानें, लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीके शर्मा, कार्यक्रम संयोजक प्रो. अरविंद अग्रवाल, डॉ. विनोद सिंह, डॉ. नितेश सिंह, डॉ. बीपी, मुख्य शास्ता डॉ. निरंजन शर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761365 Articles

Share this story