सिटी मजिस्ट्रेट ने कनखल क्षेत्र में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

WhatsApp Channel Join Now
सिटी मजिस्ट्रेट ने कनखल क्षेत्र में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान


हरिद्वार, 24 फ़रवरी (हि.स.)। नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने आज कनखल बाजार झण्डा चौक से बंगाली चौक तक एवं सतीघाट क्षेत्र में दुकानों के बाहर फुटपाथ एवं सड़क पर सामान तथा रेहड़ी ठेली लगाकर किये गये अतिक्रमण को हटवाया।

नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि कनखल झण्डा चौक के आस-पास बाजारों में दुकानदारों के द्वारा सड़क पर सामान एवं रेहड़ी लगायी गयी है, जिससे एक ओर यातायात अवरूद्ध हो रहा है। वहीं दूसरी ओर आम जनमानस को आवागमन करने में कठिनाईयों का सामना भी करना पड़ रहा है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए आज कनखल क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया है, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम की टीम मौके पर मौजूद थी। मौके पर अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों का सामान जब्त करते हुए उन्हें पुनः अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गयी है।

नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान द्वारा व्यापार संघ के पदाधिकारियों से अपील की गई कि वह दुकानदारों को निर्देश निर्गत करे कि दुकान के बाहर फुटपाथ एवं सड़क पर लगाये गये सामान को तत्काल स्वयं हटा लें, अन्यथा उनके विरूद्ध सामान जब्त करने एवं भारी से भारी जुमाने लगाये जाने की कार्यवाही भी अमल में लायी जायेगी।

उन्होंने पुलिस विभाग, नगर निगम हरिद्वार एवं लोक निर्माण विभाग हरिद्वार को सख्त रूप से निर्देश दिये गये है कि जिला प्रशासन द्वारा जहाँ-जहाँ से अतिक्रमण हटाया जा रहा है. यह सुनिश्चित किया जाए कि वहाँ पर पुनः अतिक्रमण न हो। यदि वहां पर पुनः अतिक्रमण पाया जाता है तो सम्बन्धित अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जायेगी।

अतिक्रमण हटाओ अभियान में हरिद्वार, पुलिस विभाग की टीम, सहायक नगर आयुक्त श्याम सुन्दर एवं नगर निगम हरिद्वार की टीम उपस्थित रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story