उत्तराखंड के छह हजार कर्मचारियों को मिली प्रोत्साहन राशि
देहरादून, 19 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत उत्तराखंड में लगभग छह हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को 24 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को सम्मानित किया। उन्हाेंने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को 15 हजार तक की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जबकि अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले संस्थानों को प्रत्येक कर्मचारी पर चार वर्षों तक प्रतिमाह तीन हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य विकास योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्राप्त 3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं। साथ ही राज्य की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से योजना का अधिकतम लाभ उठाने और रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजक बनने का भी आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के युवा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल,कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी,विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर,कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

