छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख नजदीक, 30 तक करें आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख नजदीक, 30 तक करें आवेदन


पौड़ी गढ़वाल, 11 सितंबर (हि.स.)। समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग की पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आ गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पात्र छात्र-छात्राएं 30 सितंबर तक राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि आवेदन से पहले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) कर ओटीआर नंबर प्राप्त करना अनिवार्य है। इसके बाद ओटीआर के माध्यम से लॉगिन कर आवेदन पत्र भरना होगा और आवश्यक अभिलेख पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।

उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए बैंक खाता आधार से लिंक होना जरूरी है। छात्रवृत्ति प्राप्त होने तक विद्यार्थियों को अपना बैंक खाता सक्रिय रखना होगा। आवेदन के दौरान विद्यार्थी अपनी श्रेणी और संबंधित छात्रवृत्ति योजना का सही चयन करें।

विभाग ने शिक्षण संस्थानों से पात्र विद्यार्थियों को आवेदन में सहयोग करने और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा है। अंतिम तिथि में कम समय शेष होने के चलते विद्यार्थियों और संस्थानों से किसी भी स्तर पर देरी नहीं करने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story