टांडा में टस्कर हाथी का आतंक, दो दिन में दूसरी घटना से दहशत

WhatsApp Channel Join Now
टांडा में टस्कर हाथी का आतंक, दो दिन में दूसरी घटना से दहशत


हल्द्वानी , 01 मई (हि.स.)। टांडा क्षेत्र के जंगल में एक टस्कर हाथी ने 72 घंटे के भीतर तीसरी जान ले ली। शुक्रवार को लकड़ी बीनने गई 60 वर्षीय महिला की हाथी ने पटक-पटक कर हत्या कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाह पठानी गांव से पंतनगर की ओर जंगल में गई तीन महिलाओं के पीछे अचानक एक दांत वाला हाथी दौड़ पड़ा। भागने के दौरान हाथी ने मैना देवी (60) को पकड़ लिया और सूंड से पटकने व पैरों से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद साथ गई महिलाएं किसी तरह भागकर कॉलोनी पहुंचीं और लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हाथी जंगल की ओर लौट चुका था। मृतका पंतनगर की झा कॉलोनी की निवासी थीं।

सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा और टांडा रेंज के वन क्षेत्र अधिकारी रूप नारायण गौतम सहित पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पिछले दो दिनों में यह दूसरी हृदयविदारक घटना है। इससे पहले सांप पठानी क्षेत्र में इसी हाथी ने खेत में सो रहे दो लोगों को मार डाला था। लगातार हो रहे हमलों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई कर हाथी के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story