हरिद्वार में हाथी के हमले से युवक की मौत, वन क्षेत्र में दहशत

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में हाथी के हमले से युवक की मौत, वन क्षेत्र में दहशत


हरिद्वार, 30 जुलाई (हि.स.)। श्यामपुर रेंज के कांसवाली बीट में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान एहसान पुत्र यूसुफ, निवासी स्थानीय गुर्जर बस्ती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे एहसान घास लेने के लिए आरक्षित वन क्षेत्र में गया था। इसी दौरान अचानक आए जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी ने उसे कई बार पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और श्यामपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि विभाग की टीम घटनास्थल के फोटो, जीपीएस लोकेशन और गवाहों के बयान जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में हाथी की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। मृतक अकेले जंगल गया था और उसी दौरान उसका सामना हाथी से हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। विभाग ने अपील की है कि लोग हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और बिना जरूरत आरक्षित वन में प्रवेश न करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story