रुड़की से दिल्ली के लिए शुरू हुई इलेक्ट्रिक बसें, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
रुड़की से दिल्ली के लिए शुरू हुई इलेक्ट्रिक बसें, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दिखाई हरी झंडी


रुड़की, 24 अगस्त (हि.स.)। रुड़की से दिल्ली और मोदीनगर जाने वाले यात्रियों को सोमवार को बड़ी सौगात मिली। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने रुड़की रोडवेज बस अड्डे से दिल्ली जाने वाली इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

परिवहन मंत्री ने बताया कि रुड़की से मोदीनगर और दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें रोडवेज बस अड्डे से निर्धारित समय पर रवाना होंगी। बस सेवा शुरू होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। उन्होंने बताया कि बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। बसें वातानुकूलित हैं और उनमें सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे आरामदायक के साथ सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा। पर्यावरण की दृष्टि से भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन महत्वपूर्ण है।

सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने पर लगातार कार्य कर रही है। इससे प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। लंबे समय से दिल्ली मार्ग पर बेहतर विकल्प की मांग कर रहे यात्रियों में इस सेवा को लेकर उत्साह है। इस अवसर पर एआरटीओ जितेंद्र कुमार, प्राधिकरण सदस्य संजय अरोड़ा, हरदीप सिंह, विशाल वर्मा, संजीव तोमर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story