उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां तेज, 87 फीसदी मतदाताओं की मैपिंग पूरी

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां तेज, 87 फीसदी मतदाताओं की मैपिंग पूरी


देहरादून, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी अप्रैल माह से प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में अब तक लगभग 87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है, जबकि शेष बूथों पर कार्य तेजी से जारी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम की पहल पर निर्वाचन विभाग राजस्थान की टीम ने सोमवार को देहरादून पहुंचकर एसआईआर के सफल क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए। इस संबंध में आयोजित बैठक में राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने हाल ही में राजस्थान में संपन्न विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, रणनीति और प्रबंधन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि राज्य में मतदाताओं की मैपिंग का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब तक 87 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। जिन मतदान केंद्रों पर मैपिंग की गति धीमी है, वहां संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत मैपिंग से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सुविधा होगी।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्रा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, राजस्थान के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एमएम तिवारी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास तथा एनके मीणा सहित विभिन्न जनपदों के डिप्टी डीईओ, अपर जिला अधिकारी तथा नेशनल और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लिया।

अधिकारियों के अनुसार राज्य में अप्रैल से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसके तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story