उत्तराखंड में एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर होगा एसआईआर

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर होगा एसआईआर


देहरादून, 14 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार बनाकर चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत मतदाता सूची का व्यापक पुनरीक्षण हाेगा और पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जाएंगे और अपात्राें के नाम हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

गुरुवार शाम सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय जोगदंडे राज्य में होने जा रही एसआईआर के बारे में मीडिया काे ब्रीफिंग की। उन्होंने बताया कि राज्य में 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की छपाई और कर्मचारियों के प्रशिक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा,जबकि 10 जुलाई से 11 सितंबर तक दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार राज्य में वर्तमान में 11,733 पोलिंग बूथ हैं और विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से 21,808 बूथ लेवल एजेंट (बीएलओ) तैनात किए जा चुके हैं।

कम मैपिंग वाले बूथों पर रहेगा विशेष फोकस

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत प्रदेश में मतदाता सूची के शुद्धिकरण और बूथ मैपिंग कार्य को और प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है। आगामी माह से कम मैपिंग वाले बूथों पर विशेष फोकस करते हुए सघन डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (एएसडी) सूची तैयार की जा रही है,ताकि मतदाता सूची का शुद्धिकरण अधिक गहनता और पारदर्शिता के साथ किया जा सके।

राज्य में 11,733 बूथों के सापेक्ष 21,808 बीएलए नियुक्तअपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष विभिन्न दलों की ओर से कुल 21,808 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।

एक क्लिक पर बीएलओ से कर सकेंगे संपर्क:

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' फीचर शुरू किया है। इसके माध्यम से मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएसओ) के साथ एक क्लिक पर कॉल बुक कर सकते हैं। उन्हाेंने बताया कि मतदाता वोटर्स सर्विस पोर्टल पर विजिट कर या ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप डाउनलोड कर यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिन के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा। इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास और मीडिया नोडल अधिकारी रवि विजारनियां भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story