निर्वाचन प्रक्रिया की दक्षता बढ़ाने के लिए मास्टर ट्रेनर्स को दिया तीन दिवसीय प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now

- मतदाता सूची पुनरीक्षण,ईवीएम-वीवीपैट और मतगणना की बारीकियां सिखाईं

- प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स अब जिलों में निर्वाचन कार्मिकों को देंगे प्रशिक्षण

देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स (डीएलएमटी) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 16 से 18 नवंबर तक सुद्धोवाला में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रदेश के सभी जनपदों के मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभाग किया।

प्रशिक्षण के समापन पर उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी ने कहा कि इसका उद्देश्य मास्टर ट्रेनर्स को निर्वाचन प्रक्रिया के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देना है, ताकि वे अपने-अपने जिलों में अन्य निर्वाचन अधिकारियों और कार्मिकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचक नामावली की तैयारी एवं पुनरीक्षण तथा मतदान और मतगणना से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। इसमें डाक मतपत्र, ईवीएम-वीवीपैट के संचालन, मतगणना और परिणामों की घोषणा की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही मतगणना हॉल के प्रबंधन और मतदान एवं मतगणना के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों से निपटने के उपायों पर भी व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।

प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पद्धति, पाठ योजना तैयार करने, प्रस्तुतियों, हैंडआउट, केस स्टडी और प्रश्न बैंक के प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में वयस्क शिक्षण पद्धति, प्रभावी संवाद और गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष जोर रहा।

अंतिम दिन प्रतिभागियों का निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। उन्होंने आवंटित विषयों पर प्रस्तुतियां दीं, जिनका विशेषज्ञ समिति ने आकलन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स और विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के बाद जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जनपदों में निर्वाचन कार्मिकों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे निर्वाचन प्रक्रिया के सभी चरणों में एकरूपता, पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story