94 प्रतिशत अनमैप्ड और विसंगति वाले मतदाताओं की सुनवाई पूरी

WhatsApp Channel Join Now
94 प्रतिशत अनमैप्ड और विसंगति वाले मतदाताओं की सुनवाई पूरी


देहरादून, 31 अगस्त (हि. स.)। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल अनमैप्ड और विसंगति वाले 94 प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई पूरी कर ली गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अभियान की प्रगति की समीक्षा की और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71 लाख 33 हजार मतदाताओं के सापेक्ष अनमैप्ड और विसंगति से जुड़े 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से करीब 23 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि करीब 1.10 लाख मतदाता किसी कारणवश सुनवाई में शामिल नहीं हो सके। ऐसे सभी मतदाताओं को दोबारा सुनवाई का अवसर दिया गया है, ताकि कोई पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दावों और आपत्तियों की नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से सुनवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 से संबंधित लंबित मामलों का अगले एक सप्ताह में निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सभी जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति तथा शेष मामलों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों से फार्म-6, 7 और 8 के निस्तारण की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story