हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना प्राथमिकता:जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना प्राथमिकता:जिलाधिकारी


गोपेश्वर, 06 अगस्त (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहेगा।

बैठक में डीएम ने निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 633 मतदान केंद्रों के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से अब तक 1,184 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त किए जा चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंचा है, उन्हें दोबारा नोटिस जारी किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर चस्पा की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचने पर भी जोर दिया।

डीएम ने सभी राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर प्रतिदिन अभियान की निगरानी करने का आग्रह किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर अभियान की दैनिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और विश्वासपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि जनपद में जारी 63,347 नोटिसों में से 61,194 का वितरण किया जा चुका है, जबकि शेष 2,153 नोटिसों का वितरण भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ विधानसभा में 21,900, थराली में 19,935 और कर्णप्रयाग में 21,512 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं, जिनमें से 2,61,060 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। निर्वाचन कार्यों के लिए 633 मतदेय स्थलों पर 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 31 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 633 बूथ लेवल अधिकारी तथा उनके सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक तैनात किए गए हैं।

बैठक में एसडीएम राजकुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती, भाजपा के विनोद कुमार नेगी, कांग्रेस के मदन लोहनी और आम आदमी पार्टी के अनूप रावत सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story