अप्रैल में हाेगा एसआईआर, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
अप्रैल में हाेगा एसआईआर, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई


देहरादून, 20 फरवरी (हि.स.)। भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर राज्य में हाेने वाली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने वर्चुअली बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में देहरादून, उधमसिंह नगर और नैनीताल जनपदों में मतदाता मैपिंग अभियान की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप न हाेने पर संबंधित अधिकारियाें की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुरुषाेत्तम ने शुक्रवार को सचिवालय से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा बैठक की। बैठक में अप्रैल माह में प्रस्तावित एसआईआर के मद्देनज़र जनपदवार प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा कर निर्देशदिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि देहरादून, उधमसिंह नगर और नैनीताल जनपदों में मतदाता मैपिंग अभियान की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन बूथों पर मैपिंग प्रतिशत कम है, वहां संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआर) और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अप्रैल में एसआईआर विशेष गहन पुनरीक्षण के दाैरान लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई हाेगी। साथ ही सभी जनपदों को निर्धारित समयसीमा में बूथ अवेयरनेस ग्रुप के गठन के निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 77 प्रतिशत बूथों पर बूथ लेवल एजेंट की तैनाती हो चुकी है। शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी राजनीतिक दलों के साथ पुनः बैठक कर समन्वय स्थापित करें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हेल्पडेस्क को सुदृढ़ बनाने के लिए जिलों में अविलंब अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती के निर्देश भी दिए।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story