विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा हरिद्वार प्रशासन

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा हरिद्वार प्रशासन


हरिद्वार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने 29 प्रमुख व्यवस्थाओं के लिए नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर आदेश जारी किए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देशों के तहत कार्मिक तैनाती, प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, परिवहन, सुरक्षा, व्यय निगरानी और शिकायत निवारण सहित सभी कार्यों की निगरानी होगी।

सीडीओ को कार्मिक और स्वीप की जिम्मेदारी

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र को मतदान-मतगणना कार्मिक व्यवस्था और स्वीप कार्यक्रम का नोडल बनाया गया है। कार्मिक प्रबंधन में डीआईओ महावीर सिंह रावत और सीईओ अमित चंद सहायक नोडल होंगे। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी जिला कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अमरेंद्र चौधरी और डीईओ माध्यमिक अभिषेक शुक्ला को दी गई है।

मतदान स्थलों पर न्यूनतम सुविधाओं के लिए एडीएम वित्त वैभव गुप्ता और सेक्टर व्यवस्था के लिए एचआरडीए सचिव प्रत्युष सिंह नोडल होंगे। ईवीएम-वीवीपैट प्रबंधन के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग के ईई दिनेश कुमार और प्रशिक्षण-प्रदर्शन के लिए आईटीआई प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पांडेय को जिम्मेदारी दी गई है।

परिवहन, मतपत्र और शिकायत निवारण

निर्वाचन परिवहन के लिए एडीएम वैभव गुप्ता और समस्त आरओ नोडल होंगे, जिनके साथ एआरटीओ निखिल शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा सहयोग करेंगे। सामान्य मतपत्र, डाक मतपत्र और ईटीपीबीएस के लिए आरओ के साथ जिला क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी और उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार नोडल होंगे। नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन और शिकायत निवारण की जिम्मेदारी डीडीओ कमलेश कुमार पंत और सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा को दी गई है। सामग्री, वीडियोग्राफी, जीपीएस, खानपान, टेंट, बैरिकेडिंग आदि के लिए भी अलग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

आचार संहिता से लेकर खर्च तक निगरानी

आदर्श आचार संहिता के लिए नगर आयुक्त नंदन कुमार, निर्वाचन प्रबंधन योजना के लिए एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार और व्यय निगरानी के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार नोडल होंगे। मीडिया व्यवस्था के लिए डीआईओ रती लाल शाह और एनकोर-सी विजिल के लिए डीआईओ एनआईसी यशपाल सिंह नोडल बनाए गए हैं। आबकारी निगरानी के लिए जिला

आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला, कानून-व्यवस्था और वल्नरेबिलिटी मैपिंग के लिए एडीएम जितेंद्र कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। दिव्यांग सुविधा, एमसीएमसी और माइक्रो ऑब्जर्वर के लिए भी नोडल नियुक्त किए गए हैं, जिसमें लीड बैंक अधिकारी बीएल गुप्ता शामिल हैं।

डीएम ने सभी अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लापरवाही पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story