राज्य में प्री-एसआईआर मैपिंग का 85 फीसदी लक्ष्य पूरा, 1 अप्रैल से चलेगा सघन अभियान,

WhatsApp Channel Join Now
राज्य में प्री-एसआईआर मैपिंग का 85 फीसदी लक्ष्य पूरा, 1 अप्रैल से चलेगा सघन अभियान,


-एक क्लिक पर बीएलओ से कॉल बुकिंग की सुविधा

देहरादून, 27 मार्च (हि.स.)। आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्री-एसआईआर फेज में 85 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। 1 अप्रैल से राज्य में सघन अभियान चलाएगा। राजनीतिक दलाें ने अब तक अब तक 19 हजार बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर दिए हैं।

शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 1 अप्रैल से प्रदेश में सघन डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें कम मैपिंग वाले बूथों पर विशेष फोकस करते हुए कार्य को पूर्ण किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (एएसडी) सूची तैयार की जा रही है, जिससे मतदाता सूची के शुद्धिकरण को और प्रभावी बनाया जा सके। डॉ. जोगदंडे ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर शुरू किया गया है। इसके माध्यम से मतदाता वेबसाइट या ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के जरिए एक क्लिक पर अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिन के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।

राजनीतिक दलों से शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आग्रह किया। वर्तमान में प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष 19,116 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 9,276, कांग्रेस के 9,506, सीपीआई(एम) के 217 और बसपा के 117 बीएलए शामिल हैं।

इस अवसर पर उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी,सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story