गंगनहर के तेज बहाव में बहा बुजुर्ग, सुरक्षित रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
गंगनहर के तेज बहाव में बहा बुजुर्ग, सुरक्षित रेस्क्यू


हरिद्वार, 16 अगस्त (हि.स.)। गंगनहर के तेज बहाव में बहकर पथरी पावर हाउस क्षेत्र के बैराज में फंसे करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग को एसडीआरएफ की टीम ने रविवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बुजुर्ग की पहचान अभी नहीं हो पाई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह बहादराबाद पुलिस को सूचना मिली कि एक बुजुर्ग गंगनहर के तेज बहाव में बह गया है और पानी में फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। टीम के पहुंचने तक बुजुर्ग बहकर पथरी पावर हाउस क्षेत्र स्थित बैराज तक पहुंच गया था और वहां फंस गया था।

गंगनहर के तेज बहाव और पानी की गहराई के बीच एसडीआरएफ जवानों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद जवान बुजुर्ग तक पहुंचे और उसे सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के दौरान पता चला कि बुजुर्ग काफी देर तक ठंडे पानी में फंसा रहा था। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण उसका शरीर अकड़ गया था और वह लगातार कांप रहा था। जवानों ने तत्काल उसके कपड़े बदलवाए और मौके पर प्राथमिक उपचार देकर उसकी स्थिति संभाली।

बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने के लिए पहले ही एंबुलेंस मौके पर बुला ली गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।

एसडीआरएफ के एसआई आशीष त्यागी ने बताया कि पुलिस से बुजुर्ग के गंगनहर में बहने और जिंदा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। ठंडे पानी में काफी देर रहने के कारण बुजुर्ग की हालत नाजुक थी, इसलिए मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस बुजुर्ग की पहचान कराने के प्रयास कर रही

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story