वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिक सम्मानित, 30 सहायक उपकरण वितरित

WhatsApp Channel Join Now
वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिक सम्मानित, 30 सहायक उपकरण वितरित


चमोली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गुरुवार को गोपेश्वर स्थित राजकीय वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह में शिविर एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरिष्ठजनों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और सुझाव भी लिए गए। ‘पीढ़ियों का कारवां’ थीम के तहत छात्र-छात्राओं के लिए पेंटिंग, निबंध और गायन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को 30 सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार ने फ्रंट ऑफिस हेल्पलाइन डेस्क की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने वरिष्ठजनों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने और उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जोड़ने के निर्देश दिए।

इस मौके पर वरिष्ठ नागरिकों ने युवाओं से ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत ‘एक युद्ध, नशे के विरुद्ध’ मुहिम से जुड़ने और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।

कार्यक्रम में अधिवक्ता समीर बहुगुणा, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय सिंह लिंगवाल सहित सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत वरिष्ठजन, छात्र-छात्राएं और विभागीय कार्मिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Share this story