15 सितंबर तक चलेगा हरित हरिद्वार अभियान, शिक्षक दिवस पर लगेगा ‘एक पेड़ गुरु के नाम

WhatsApp Channel Join Now
15 सितंबर तक चलेगा हरित हरिद्वार अभियान, शिक्षक दिवस पर लगेगा ‘एक पेड़ गुरु के नाम


हरिद्वार, 02 सितंबर (हि.स.)। जनपद में चल रहे हरित हरिद्वार अभियान की अवधि बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गई है। मानसून समाप्त होने से पहले मिशन मोड में अधिक से अधिक पौधारोपण के निर्देश दिए गए हैं। समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई।

मेलाधिकारी कुंभ सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल पर अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

सीडीओ ने सभी विभागों को व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने और आमजन को जोड़ने के निर्देश दिए।

बैठक में वन विभाग और एचआरडीए ने बताया कि जनपद में सजावटी और वन प्रजातियों के पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं, जो आवश्यकता के अनुसार विभागों को दिए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज विभाग और शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के माध्यम से अभियान को गति देने को कहा गया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

सीडीओ ने 5 सितंबर शिक्षक दिवस पर सभी विद्यालयों में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में विशेष पौधारोपण कराने और पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत नगर क्षेत्रों में आंवला, पीपल, नीम और बरगद जैसे पौधों का रोपण कर ऑक्सीजन लेन विकसित करने की योजना पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पौधारोपण के बाद प्रत्येक वृक्ष की जानकारी और फोटो ‘हरित हरिद्वार एप’ पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।

बैठक में जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story