ईद-ए-मिलाद-उल-नबी को लेकर हरिद्वार में मजिस्ट्रेटों की तैनाती

WhatsApp Channel Join Now
ईद-ए-मिलाद-उल-नबी को लेकर हरिद्वार में मजिस्ट्रेटों की तैनाती


हरिद्वार, 19 अगस्त (हि.स.)। ईद-ए-मिलाद-उल-नबी (बारावफात) के मद्देनजर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं।

ईद-ए-मिलाद-उल-नबी इस वर्ष 26 अगस्त को चंद्र दर्शन के अनुसार मनाया जाएगा। पर्व के दौरान विशेष नमाज, धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी, आतिशबाजी, जुलूस और जलसे सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पर्व के बाद भी कुछ कार्यक्रम जारी रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार एवं सभी उप जिलाधिकारियों को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर गृह मंत्रालय और राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पर्व से पूर्व संबंधित धार्मिक पक्षों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को कहा गया है।

इन क्षेत्रों में तैनात किए गए मजिस्ट्रेटनगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार, नगर हरिद्वार क्षेत्र, मुख्य रूप से ज्वालापुर। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की, रुड़की उपखंड क्षेत्र, मुख्य रूप से रुड़की एवं लंढौरा। तहसीलदार रुड़की, मंगलौर कस्बा। उप जिलाधिकारी हरिद्वार, हरिद्वार उपखंड क्षेत्र, मुख्य रूप से कुन्हारी। तहसीलदार हरिद्वार, धनपुरा। उप जिलाधिकारी लक्सर, लक्सर उपखंड क्षेत्र, मुख्य रूप से सुल्तानपुर एवं खड़ंजा कुतुबपुर। तहसीलदार लक्सर, लक्सर कस्बा। उप जिलाधिकारी भगवानपुर, भगवानपुर उपखंड क्षेत्र व तहसीलदार भगवानपुर, डाडा जलालपुर एवं सरठेड़ी शाहजहांपुर, थाना भगवानपुर क्षेत्र।

जिलाधिकारी ने पुलिस प्रशासन को पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार को तहसील हरिद्वार एवं लक्सर तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) हरिद्वार को तहसील रुड़की एवं भगवानपुर में कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए ओवरऑल इंचार्ज नामित किया गया है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था के साथ-साथ साम्प्रदायिक सौहार्द, आपसी भाईचारा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। उन्होंने आमजन से भी ईद-ए-मिलाद-उल-नबी का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story