राष्ट्रीय शिक्षा नीति की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 19 मई (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान और श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में पहली 8 दिवसीय ऑनलाइन राष्ट्रीय राष्ट्रीय शिक्षा नीति अभिमुखीकरण एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम में देशभर से करीब 130 प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता कर रहे हैं। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की निदेशक प्रो. अमिता पांडेय भारद्वाज ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 व भारतीय ज्ञान परंपरा के संदर्भ में विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों व पहलों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि नई शिक्षा नीति का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों का समग्र, बहुआयामी, मूल्य-आधारित विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने वर्तमान समय में भारतीय ज्ञान प्रणाली को शिक्षा के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। संस्थान के निदेशक प्रो. वीके बंगा ने सभी प्रतिभागियों व विशेषज्ञ वक्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 उच्च शिक्षा में व्यापक परिवर्तन एवं नवाचार का आधार है। कार्यक्रम के प्रथम शैक्षणिक सत्र में पंजाब विश्वविद्यालय, पटियाला की प्रो. जसराज कौर ने उच्च शिक्षा और समाज विषय पर अपने विचार साझा करते हुए उच्च शिक्षा की सामाजिक भूमिका एवं उत्तरदायित्व पर विशेष बल दिया। द्वितीय सत्र में आचार्य नागार्जुन विश्वविद्यालय, गुंटूर (आंध्र प्रदेश) की प्रो. सरस्वती राजू अय्यर ने कौशल विकास विषय पर व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों में कौशल विकास की आवश्यकता एवं वर्तमान समय में उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story