खैरासैंण को मिला उच्च शिक्षा का नया केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
खैरासैंण को मिला उच्च शिक्षा का नया केंद्र


पौड़ी गढ़वाल, 10 मई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को सतपुली के खैरासैंण में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने इसे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि अब दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी।

समारोह को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नयी उड़ान देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्षों से पहाड़ के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित महाविद्यालय भवन बनने से छात्र-छात्राएं अपने क्षेत्र में रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है। महाविद्यालय में अत्याधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

उन्होंने शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विभागीय अधिकारियों एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों और विद्यार्थियों से इस संस्थान को ज्ञान का केंद्र बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी शहरों जैसी शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि वे प्रतियोगी दौर में पीछे न रहें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य कर रही है। प्रदेश के महाविद्यालयों में आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि छात्र आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जुड़ सकें।

उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को रोजगारपरक और कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के लिए तैयार करने का आह्वान किया। साथ ही छात्र-छात्राओं से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने को कहा। इसके बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सतपुली झील निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से बहुप्रतीक्षित झील का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। झील निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इस मौके पर उच्च शिक्षा निदेशक बी.आर. खाली, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संजय सहित सचिव बृजमोहन, राकेश नैथानी, सर्वेन्द्र सिंह, पंकज डोबरियाल, गणेश रावत, अंकित ठाकुर, सुरेन्द्र बिष्ट आदि शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story