प्रतिनियुक्ति पर तैनात कार्मिकों की होगी वापसी: मंत्री धन सिंह

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिनियुक्ति पर तैनात कार्मिकों की होगी वापसी: मंत्री धन सिंह


-एक सप्ताह में मांगी गई सूची, तीन वर्ष से अधिक तैनाती वाले लौटेंगे मूल पद पर

देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। विद्यालयी शिक्षा विभाग में लंबे समय से प्रतिनियुक्ति एवं अटैचमेंट पर कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कार्मिकों को उनके मूल तैनाती स्थल पर वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) को बुधवार को निर्देश जारी किए हैं।

मंत्री ने निर्देशित किया है कि सभी जनपदों से संबंधित कार्मिकों का विस्तृत ब्यौरा एक सप्ताह के भीतर शिक्षा महानिदेशक को उपलब्ध कराया जाए। मांगी गई जानकारी में कार्मिक का नाम, पद, मूल तैनाती स्थल, वर्तमान कार्यस्थल, प्रतिनियुक्ति या अटैचमेंट की अवधि और उसके कारण शामिल हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग में मानव संसाधनों के प्रभावी उपयोग और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों की कमी की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं, जबकि बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी अन्य कार्यालयों या विभागों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं।

मंत्री ने बताया कि तीन वर्ष से अधिक समय से प्रतिनियुक्ति या अटैचमेंट पर तैनात कार्मिकों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। जिन मामलों में प्रतिनियुक्ति आवश्यक नहीं पाई जाएगी, उन कार्मिकों को उनके मूल तैनाती स्थल पर वापस भेजा जाएगा। हालांकि, दिव्यांग कार्मिकों तथा विशेष परिस्थितियों में तैनात कर्मचारियों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी और शिक्षण कार्य की गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, अनुशासित और परिणामोन्मुख बनाने में भी सहायता मिलेगी।

मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सटीक और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या तथ्य छुपाने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में व्यवस्थागत सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story